10 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, तोरवा पुलिस व एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई, बिहार निवासी आरोपी न्यायालय भेजा गया


बिलासपुर।
तोरवा पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के एक सदस्य को 10 किलोग्राम मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर रेलवे स्टेशन से लगे बुधवारी बाजार क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल एवं सीएसपी (कोतवाली) गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तोरवा निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में टीम कार्रवाई कर रही थी।
दिनांक 11 फरवरी 2026 को रेलवे स्टेशन के पास बुधवारी बाजार क्षेत्र में एक व्यक्ति हाथ में भारी थैला लिए संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पूछताछ के दौरान वह गोलमोल जवाब देने लगा और भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसके थैले की जांच की, जिसमें खाकी टेप से लिपटे दो बंडल मिले। खोलने पर उसमें से गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन लगभग 10 किलोग्राम पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमोद प्रसाद बरई उर्फ अमोद चैरसिया (28 वर्ष) निवासी मझबलिया थाना मझबलिया, जिला बेतिया (बिहार) बताया। उसने गांजा को संबलपुर (ओडिशा) से लाकर अन्य राज्यों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!