

बिलासपुर। प्रेस क्लब बिलासपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के.के. शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। श्री शर्मा आज भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में शामिल हुए थे। वार्ता के उपरांत बिलासपुर प्रेस क्लब की कार्यकारिणी ने उनसे भेंट कर पत्रकारिता से जुड़े विविध विषयों पर चर्चा की ।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने अपने पत्रकारिता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजनीति में आने से पहले वे स्वयं पत्रकार रहे हैं। उन्होंने ‘मुख पत्र सामना’, ‘दैनिक जागरण’ सहित अनेक प्रमुख समाचार पत्रों में पत्रकार से लेकर सह-संपादक के रूप में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता सभी पेशों में सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण कार्य है, क्योंकि इसमें सच्चाई, जिम्मेदारी और समाज के प्रति जवाबदेही का संतुलन बनाए रखना पड़ता है।
श्री शर्मा ने प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया की समाज में भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से उन्होंने प्रिंट मीडिया के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आज भी इसकी विश्वसनीयता और गहराई समाज के लिए बेहद जरूरी है।
मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार निर्मल माणिक सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
