
आकाश दत्त मिश्रा

जांजगीर-चांपा।
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगे आकाश झूले के एक केबिन से जुड़ा लोहे का पट्टा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय दोनों युवतियां आकाश झूले के पास टिकट काउंटर पर टिकट ले रही थीं। इसी दौरान ऊपर से झूले का लोहे का पट्टा टूटकर सीधे उनके सिर पर आ गिरा। हादसे में ग्राम मलदा निवासी चन्द्रकांता कश्यप (15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (21 वर्ष) घायल हो गईं। इनमें से एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद मेले में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने मेले में लगे झूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है कि आकाश झूले का पट्टा कैसे और किन कारणों से टूटा।

