बाइक सहित नाले में गिरे दो युवक, एक की मौत, दूसरा गंभीर, घायल के बयान के बाद हादसे की वजह होगी साफ


बिलासपुर।
तोरवा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवक नाले में गिर गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तोरवा बाम्बे आवास निवासी राहुल यादव (26) और सुमित यादव (18) रविवार रात बाइक से घर से घूमने के लिए निकले थे। देर रात दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। सोमवार सुबह हेमूनगर इलाके में सड़क किनारे एक नाले में दोनों युवक बाइक सहित पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमित यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि घायल सुमित के बयान के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!