लाल खदान ओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार हाईवा ने मारी मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर, हालत गंभीर

शशि मिश्रा


बिलासपुर।
शहर में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे विशाल रजक नामक युवक अपनी बाइक क्रमांक CG 10 V 6274 से बिलासपुर की ओर से महमंद स्थित अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह लालखदान ओवरब्रिज पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही हाइवा क्रमांक CG 10 R 1054 ने तेज गति से उसे पीछे से टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और हाइवा के पहियों के नीचे आ गया। हादसे में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तोरवा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!