
प्रवीर भट्टाचार्य

बिलासपुर।
बिलासपुर स्थित गौसेवा धाम में रविवार को दुर्घटनाग्रस्त गौवंशों की सेवा के उद्देश्य से भंडारे का आयोजन किया गया। यह आयोजन समाजसेवी श्रीमती सुधा मारदा के गुरूजी, ब्रह्मलीन स्वामी ब्रह्मानंद गिरी जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान गौवंशों के लिए सब्जियां, फल, गुड़ सहित अन्य आहार सामग्री का दान किया गया।
इस गौसेवा कार्यक्रम में अद्विका एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी / अरण्य गुरुकुलम के अध्यक्ष आशीष कुमार खंडेलवाल, समाजसेवी श्रीमती सुधा मारदा, प्रभा किरण साहू, अद्विका खंडेलवाल, मोना केंवट सहित अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दुर्घटनाग्रस्त और असहाय गौवंशों की सेवा में सहयोग प्रदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल गौवंशों की देखभाल, उनके उपचार एवं पोषण की व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहा। गौसेवा धाम में ऐसे गौवंशों को सुरक्षित आश्रय, नियमित भोजन और उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गौसेवा को सामाजिक दायित्व मानते हुए इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर समाजसेविका श्रीमती सुधा मारदा ने कहा कि गौवंशों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है और ऐसे आयोजनों से समाज में करुणा, संवेदना और सेवा भाव को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अधिक से अधिक लोग गौसेवा से जुड़कर इस पुनीत कार्य में सहयोग करेंगे।
गौसेवा धाम में आयोजित इस भंडारे से समाज में गौवंश संरक्षण और सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
