
आकाश मिश्रा

बिलासपुर।
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त करने की दिशा में हाल ही में प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा के बाद अब जिला स्तर पर भी पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों और मोर्चाओं के पदाधिकारियों का ऐलान किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा भी शामिल है।
घोषणा के तहत भाजपा युवा मोर्चा बिलासपुर के जिला मंत्री के रूप में अधिवक्ता मोनू रजक को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी संगठन ने उन पर युवाओं को संगठित करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को युवा वर्ग तक पहुँचाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का भरोसा जताया है।
जिला मंत्री नियुक्त होने पर मोनू रजक ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन्हें दिया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही युवाओं को राष्ट्रनिर्माण और संगठन के कार्यों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
मोनू रजक की नियुक्ति से उनके समर्थकों, समाज के लोगों और युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और युवाओं से जुड़ाव का लाभ पार्टी को आगामी समय में अवश्य मिलेगा।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ है और नए दायित्वों के साथ युवा पदाधिकारियों की नियुक्ति से जिले में पार्टी की गतिविधियाँ और अधिक तेज होंगी।
