

बिलासपुर।
थाना सीपत पुलिस ने एनटीपीसी सीपत के फ्लाई ऐश कांटा घर (कंटेनर) में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए त्वरित कार्रवाई में चार आरोपियों, दो विधि से संघर्षरत बालकों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 लाख 33 हजार रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनंत कुमार वाष्णेय पिता स्व. शशीपाल वाष्णेय, उम्र 47 वर्ष, निवासी एनटीपीसी सीपत, जो एनटीपीसी के ऐश मैनेजमेंट विभाग में अपर महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं, ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम कौड़िया के समीप स्थित राखड़ डेम क्षेत्र में बने दो कांटा घर (कंटेनर) के ताले टूटे हुए मिले और वहां से एयर कंडीशनर, इन्वर्टर, कंप्यूटर, प्रिंटर सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गया है।
रिपोर्ट पर थाना सीपत में अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी सीपत द्वारा विशेष टीम गठित कर त्वरित जांच शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जांजी क्षेत्र के कुछ युवक चोरी किए गए कंप्यूटर, एसी व अन्य सामान को बेचने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर संदेही विष्णू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों अमन खरे, गुलशन कुमार बंजारे, यश कुमार डोंगरे तथा दो अपचारी बालकों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ में चोरी का कुछ सामान अपने पास होना और कुछ सामान बेच देना भी बताया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों तथा खरीदारों कृष्ण कुमार, गौतम खांडे और ईश्वर पटेल के कब्जे से चोरी गई 02 एयर कंडीशनर, बैटरी सहित 02 इन्वर्टर, 03 डिस्प्ले यूनिट, 02 कंप्यूटर सेट, 01 प्रिंटर, 02 कुर्सी और 01 टेबल सहित कुल लगभग 4.33 लाख रुपये का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया।
चारों आरोपियों और तीनों खरीदारों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं दो अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक मनहरण सिंह, आरक्षक शरद साहू, रामसनेही साहू, प्रकाश जगत एवं नितिश कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
