
शशि मिश्रा

बिलासपुर।
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अटल आवास के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रोशित महिला ने बीच सड़क पर एक ऑटो चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, महिला ने ऑटो चालक पर मासूम बच्चियों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। आरोप सुनते ही महिला गुस्से से तमतमा गई और चालक का कॉलर पकड़कर उसे सरेआम गालियां देते हुए पीटने लगी। यह पूरा घटनाक्रम सड़क पर काफी देर तक चलता रहा, जिसे देखने के लिए मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पिटाई के दौरान आरोपी ऑटो चालक भीड़ के सामने हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताते हुए रहम की भीख मांगता नजर आ रहा है। वहीं महिला लगातार उसे सबक सिखाने की बात कहते हुए मारपीट करती रही।
हैरानी की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान, जब सड़क पर कानून को हाथ में लिया जा रहा था, पुलिस मौके पर नजर नहीं आई। तमाशबीन बने लोग केवल वीडियो बनाते और घटना को देखते रहे।
आखिरकार महिला “थाने चलो” चिल्लाते हुए ऑटो चालक को उसी के ऑटो में बिठाकर वहां से ले गई। महिला के इस कदम को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए और यह सवाल उठने लगे कि सरेराह हुए इस घटनाक्रम के बाद असल में आगे क्या हुआ।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामला सुर्खियों में है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई या नहीं। सकरी पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस द्वारा वीडियो की जांच और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी।
