
शशि मिश्रा

बिलासपुर।
बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। एक साथ चार लोगों के अचानक गायब हो जाने से परिजनों के साथ-साथ पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला पांडातराई से अपने बच्चों को साथ लेकर मायके जाने के लिए बिलासपुर रवाना हुई थी। तय समय में उसके न पहुंचने पर परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफर के दौरान ही महिला का मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया। इसके बाद से परिजनों का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया।
अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने महिला और बच्चों की रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर महिला और उसके तीनों बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला और बच्चों की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है, जिसमें मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज की जांच शामिल है। महिला किस साधन से यात्रा कर रही थी और आखिरी बार कहां देखी गई, इन बिंदुओं पर भी पुलिस गहन जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और महिला व बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं। परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है और वे किसी भी तरह की जानकारी मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
