अकलतरा–बलौदा मार्ग पर तड़के भीषण सड़क हादसा, तीन ट्रेलर की टक्कर में चालक की मौत, एक गंभीर

शशि मिश्रा


जांजगीर–चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर–चांपा जिले में अकलतरा–बलौदा मार्ग पर तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तीन ट्रेलरों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई, जिससे एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। हादसा अकलतरा थाना क्षेत्र के कोटगढ़ गांव के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों ट्रेलर तेज रफ्तार में थे। अचानक हुई टक्कर के बाद ट्रेलरों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के तुरंत बाद कोयले से लदे ट्रेलरों में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को ट्रेलर के केबिन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।


सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को बुलाया गया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। हादसे के चलते अकलतरा–बलौदा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही बताया जा रहा है। फिलहाल मृतक और घायल चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!