बीट प्रणाली को सशक्त करने कोटा सबडिवीज़न में ग्राम कोटवार सम्मेलन आयोजित


कोटा।
कोटा सबडिवीज़न क्षेत्र में ग्राम स्तर पर पुलिस की पकड़ को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दिनांक 7 फरवरी 2026 को कोटवार सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती नूपुर उपाध्याय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
सम्मेलन में थाना रतनपुर, कोटा एवं बेलगहना क्षेत्र के लगभग 60 से 70 ग्राम कोटवारों ने भाग लिया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी श्रीमती नूपुर उपाध्याय ने कोटवारों को संबोधित करते हुए थाना क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने, नशा विरोधी अभियान को प्रभावी बनाने, साइबर अपराध के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने तथा गांवों में बाहरी, आवारा एवं घुमक्कड़ गिरोहों पर सतत निगरानी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।


अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में ग्राम कोटवारों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्हें गांव में आने-जाने वाले अपरिचित व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों एवं गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की समझाइश दी गई।


सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर पुलिस बीट प्रणाली को सुदृढ़ करना एवं कोटवारों और स्थानीय पुलिस बीट के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। कोटवारों को बीट सिस्टम की जानकारी देते हुए नियमित संपर्क बनाए रखने और परस्पर सहयोग से कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!