शराब की बोतल फूटने से छींटे पड़ने पर युवक पर धारदार हथियार से हमला, बीच-बचाव करने वाले से भी मारपीट


बिलासपुर।
चकरभाठा थाना क्षेत्र में शराब की बोतल फूटने से छींटे पड़ने की मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना में घायल युवक का अस्पताल में इलाज कराया गया, जिसके बाद उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मगर उछला निवासी दिलीप रात्रे (27 वर्ष) अपने बड़े भाई सतीश रात्रे के साथ पोड़ी स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करता है। गुरुवार रात करीब 8 बजे दिलीप अपने साथी आर्यन नेताम और रितेश प्रजापति के साथ बाइक से सामान खरीदने बिलासपुर आया था। इस दौरान उन्होंने दुकान से शराब खरीदी।
बताया जा रहा है कि आर्यन नेताम ने शराब पीने से मना कर दिया, जिस पर दिलीप ने कहा कि यदि वह शराब नहीं पीएगा तो कोई भी नहीं पीएगा और गुस्से में आकर शराब की बोतल जमीन पर पटक दी। बोतल टूटने से शराब की छींटें वहां से गुजर रहे एक युवक पर पड़ गईं। इससे नाराज होकर युवक ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद दिलीप ने माफी मांगकर मामले को शांत करा दिया था, लेकिन कुछ दूरी पर सड़क पर वही युवक अपने दो साथियों के साथ फिर पहुंचा और अपने पास रखे धारदार हथियार से दिलीप की कमर के पास वार कर दिया। हमले में दिलीप घायल हो गया और काफी खून बहने लगा।
घायल दिलीप को उसके साथियों ने सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। दिलीप के मुताबिक, मारपीट के दौरान आर्यन नेताम ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान आर्यन के गले से चांदी का लॉकेट भी गायब हो गया।
पीड़ित ने बताया कि हमला करने वाला युवक सफेद शर्ट पहने हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!