

बिलासपुर।
बिलासपुर जिले से लगे अमरकंटक–जलेश्वर मार्ग पर एक बार फिर बाघ की मौजूदगी से इलाके में हड़कंप मच गया है। बीती रात सड़क पर एक व्यस्क बाघ टहलता हुआ दिखाई दिया, जिसे लोगों ने काफी देर तक देखा। सड़क के दोनों ओर लगी बार-वेट तार की फेंसिंग के कारण बाघ बार-बार सड़क पर ही इधर-उधर दौड़ता रहा, जिससे वहां से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ के आसपास ही एक सियार भी मौजूद था, जो बाघ को देखकर लगातार भागता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का नजारा सड़क पर मौजूद लोगों ने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया। बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है तथा रात के समय अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र मरवाही वन मंडल के अंतर्गत आता है, जो गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले का हिस्सा है। यह इलाका अचानकमार टाइगर रिजर्व के साथ-साथ बांधवगढ़ और कान्हा टाइगर रिजर्व से भी जुड़ा हुआ कॉरिडोर माना जाता है।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में बांधवगढ़ से आई एक बाघिन की मूवमेंट देखी गई थी। इस बार दिखाई दिया बाघ भी संभवतः बांधवगढ़ क्षेत्र से आया हुआ माना जा रहा है। वन विभाग द्वारा बाघ की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आगे की रणनीति तय की जा रही है।
