

बिलासपुर।
बिलासपुर शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने डीजे वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। अभियान के तहत शहर और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में एक दर्जन डीजे वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे वाहनों को जब्त कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उल्लेखनीय है कि हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा डीजे एवं कोलाहल को लेकर नाराजगी व्यक्त की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।

बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करते हुए डीजे बजाते वाहन पकड़े गए। थाना सरकंडा क्षेत्र में मार्क हॉस्पिटल के पास तेज ध्वनि में डीजे बजाते पाए जाने पर संबंधित वाहन को थाना लाकर कार्रवाई की गई।
थाना सिरगिट्टी क्षेत्र अंतर्गत तिफरा काली मंदिर के पास खड़े डीजे वाहन क्रमांक CG11 AB 1940 एवं CG10 BH 4895 नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वहीं थाना सिविल लाइन क्षेत्र में राजीव गांधी चौक एवं रिंग रोड नंबर-2 के पास खड़ी दो डीजे गाड़ियों में साउंड सिस्टम वाहन की निर्धारित सीमा से अधिक बाहर निकला हुआ तथा ऊंचाई मानकों से अधिक पाया गया, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की।
इसके अलावा थाना बिल्हा, मस्तूरी एवं हिर्री क्षेत्रों में भी नियम उल्लंघन करने वाले डीजे वाहनों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस द्वारा डीजे वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन पर सख्त कार्रवाई के लिए आरटीओ को भी पत्र लिखा गया है। बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नियमों का पालन करें और ध्वनि प्रदूषण से बचने में सहयोग करें।
