नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर में अंतर विभागीय खेल महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ


बिलासपुर।
रेलवे के नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर के तत्वावधान में आयोजित अंतर विभागीय खेल महोत्सव 2026 का शुभारंभ दुधिया रोशनी के बीच भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। यह खेल महोत्सव 05 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित किया जा रहा है।
खेल महोत्सव में फुटबॉल, शतरंज, वालीबॉल, बास्केटबॉल, कैरम, तैराकी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स एवं टेबल टेनिस जैसी खेल प्रतियोगिताएं पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में आयोजित की जा रही हैं।


खेल महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री अनुराग सिंह जी, वरिष्ठ मंडल खेल अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा रंगीन गुब्बारों को नीले आसमान में छोड़कर किया गया।


इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री रंजन कुमार रुखैयार जी, कार्यकारी अध्यक्ष, नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट एवं सहायक कार्मिक अधिकारी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल तथा अतिथि श्री भास्कर गुहा जी, सहायक कार्मिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक, पूर्व खिलाड़ी, वर्तमान खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
खेल महोत्सव के पहले दिन फुटबॉल के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मैच इलेक्ट्रिकल विभाग एवं मेकेनिकल विभाग के बीच हुआ, जिसमें इलेक्ट्रिकल विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1–0 से जीत दर्ज की। इलेक्ट्रिकल विभाग की ओर से सतीश मुंडा ने निर्णायक गोल किया और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दूसरा फुटबॉल मैच इंजीनियरिंग विभाग एवं परिचालन विभाग के मध्य खेला गया, जिसमें इंजीनियरिंग विभाग ने 1–0 से जीत हासिल की। इस मैच में सुदर्शन प्रमाणिक ने शानदार गोल किया और मैन ऑफ द मैच बने। टीम के बेहतर तालमेल ने जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैचों का संचालन निर्णायक श्री एन. दिनेश कुमार, श्री एडमन सतुर, श्री मुकेश एवं श्री सलीम जी द्वारा किया गया। इन रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अनुसार कल शाम 5:30 बजे से लगातार दो मैच खेले जाएंगे।


इस खेल महोत्सव को सफल बनाने में नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट, बिलासपुर के उपाध्यक्ष श्री अमरनाथ सिंह जी, सचिव श्री सी. नवीन कुमार जी, सह-सचिव श्री संजय कुमार तिवारी जी, कोषाध्यक्ष श्री बी. अनिल कुमार जी, सह-कोषाध्यक्ष श्री श्रीकांत पाढी जी, मीडिया प्रभारी श्री हेमंत सिंह जी, टूर्नामेंट सचिव श्री दीपक कुमार सुब्बा जी, टूर्नामेंट सह-सचिव श्री दीपक राजा गुरुंग जी, आउटडोर इंचार्ज श्री टी. सम्मुख राव जी, इनडोर इंचार्ज श्री डी. मुरलीधर जी एवं लाइब्रेरी इंचार्ज श्री श्रीराम यादव जी की सराहनीय भूमिका रही।
इसके अलावा नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट बिलासपुर के ऑफिस इंचार्ज श्री एस. रघुराम एवं समस्त कर्मचारीगण आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!