

गांव में अक्सर कम उम्र के युवक और युवतियां आपस में प्रेम करने लगते हैं । उन्होंने लगता है कि वे विवाह के योग्य हो चुके हैं। घर वाले राजी नहीं होंगे इसलिए वे भाग जाते हैं और कहीं मंदिर में शादी कर पति पत्नी की तरह रहने लगते हैं, लेकिन ऐसे अधिकांश मामलों में लड़की नाबालिग होती है और उसके बाद परिजनों की शिकायत के बाद लड़का अपहरण, बलात्कार और पोक्सो एक्ट के तहत आधी जिंदगी के लिए जेल चला जाता है।
ऐसा ही एक मामला फिर से चकरभाटा क्षेत्र से सामने आया है। यहां रहने वाली नाबालिग किशोरी 11 दिसंबर को घर में बिना किसी को कुछ बताए गायब हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली, जिसके बाद इस मामले की शिकायत चकरभाठा थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि नाबालिग किशोरी का प्रेम संबंध इंद्रपुरी हिर्री माइंस क्षेत्र में रहने वाले 23 वर्षीय विक्की डहरिया के साथ था। जिसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों पति-पत्नी की तरह रायपुर में रह रहे हैं। पुलिस की एक टीम रायपुर पहुंची, जहां विक्की डहरिया के पास से गायब नाबालिग किशोरी मिली। पता चला दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे और उनके बीच शारीरिक संबंध भी स्थापित होते थे, इसलिए पुलिस ने अपहरण, बलात्कार और पोक्सो एक्ट के तहत विक्की डहरिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस मामले में कानून की नजर में विक्की जरूर गुनहगार है लेकिन उसने और उसके जैसे सैकड़ो ग्रामीण लड़के यह गुनाह इसलिए भी कर जाते हैं क्योंकि उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं है, कि कानूनन शादी की उम्र क्या होती है, लिहाज इन्हें जागरूक करने की आवश्यकता है।
