बिलासपुर रेंज में पुलिस-जन संवाद को मिला नया मंच‘अनुभव’,  क्यूआर कोड से लिया जा रहा जनता का फीडबैक, थानों को मिला सकारात्मक प्रतिसाद


बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में पुलिस और आम जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की गई है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग द्वारा ‘‘अनुभव’’ नामक व्यवस्था का शुभारंभ किया गया, जिसके तहत क्यूआर कोड स्कैन कर आमजन सीधे पुलिस सेवाओं पर अपना फीडबैक दे सकेंगे।
व्यवस्था के शुभारंभ के साथ ही जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में क्यूआर कोड लगाए गए हैं। इन क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त फीडबैक का अवलोकन श्री रजनेश सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर द्वारा किया गया, जिसमें जिला बिलासपुर पुलिस के कार्यों को लेकर जनसामान्य से अपेक्षानुरूप सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है।


फीडबैक के अनुसार थाना सिटी कोतवाली, सिविल लाइन, कोटा एवं सरकण्डा में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर लोगों ने विशेष रूप से सराहना की है। कई प्रकरणों में फरियादियों ने बताया कि स्वयं थाना प्रभारी द्वारा उनकी समस्याएं सुनी गईं और थाने में ही त्वरित समाधान किया गया। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार, थाना परिसर का वातावरण एवं साफ-सफाई को भी “बहुत अच्छा” श्रेणी में आंका गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाने आने वाले फरियादियों को जो भी अनुभव प्राप्त होगा, उसके आधार पर मिले फीडबैक को पुलिस व्यवस्था में आवश्यक सुधार के लिए उपयोग में लिया जाएगा।
हालांकि ‘‘अनुभव’’ से प्राप्त फीडबैक में 1-2 थानों के कार्यों में सुधार की आवश्यकता भी बताई गई है। इस संबंध में संबंधित थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों को विशेष रूप से समझाइश देते हुए सुधार के लिए प्रोत्साहित किया गया है। साथ ही संबंधित उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि ‘‘अनुभव’’ व्यवस्था पुलिस सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!