
शशि मिश्रा

बिलासपुर।
उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सागर ट्रेडर्स पर कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर जांच की और संदिग्ध उत्पादों के सैंपल लेकर परीक्षण के लिए रायपुर लैब भेजे हैं।
खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बाजार में कई नामी-गिरामी ब्रांडों के नकली कॉस्मेटिक उत्पाद खुलेआम बिक रहे हैं। ये उत्पाद दिखने में बिल्कुल असली जैसे होते हैं, जिससे आम उपभोक्ता आसानी से धोखा खा जाता है। ऐसे मामलों में केवल लैब टेस्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाता है कि उत्पाद असली है या नकली।
अधिकारियों ने बताया कि रायपुर लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में उत्पाद मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए या नकली साबित हुए, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच से खुलेगा सच, असली या नकली का होगा फैसला
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कॉस्मेटिक उत्पाद और दवाइयाँ केवल अधिकृत दुकानों से ही खरीदें। किसी भी संदिग्ध उत्पाद या शिकायत की जानकारी तुरंत खाद्य एवं औषधि विभाग को दें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।
