
यूनुस मेमन

बिलासपुर।
सूने मकान को निशाना बनाकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो चोरों को रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बर्तन और टुल्लू पम्प, कुल कीमत लगभग 10 हजार रुपये, बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोशन माथुर पिता संतोष माथुर, उम्र 20 वर्ष तथा जलेश्वर कुमार साहू पिता सुरेश कुमार साहू, उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि 1 फरवरी 2026 को प्रार्थी रेशम लाल श्रीवास, निवासी मदनपुर, थाना रतनपुर ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह 31 जनवरी 2026 को घर में ताला लगाकर काम से बिलासपुर गया था। रात करीब 10:30 बजे घर लौटने पर उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और भीतर रखे एल्यूमिनियम के तीन बड़े गंजा (बर्तन) तथा टुल्लू पम्प चोरी हो चुके थे।
रिपोर्ट के आधार पर थाना रतनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मदनपुर के रोशन माथुर और जलेश्वर साहू को संदिग्ध अवस्था में बर्तन ले जाते देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए तीन एल्यूमिनियम बर्तन और टुल्लू पम्प, कुल कीमत लगभग 10 हजार रुपये, बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठौतिया, आरक्षक राजेन्द्र साहू एवं पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।
