
तखतपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर तखतपुर नगर पालिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का सख्त रुख देखने को मिला। आमतौर पर शांत और संयमित रहने वाले मंत्री साहू ने मंच से ही नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमरेश सिंह को फटकार लगाई। उन्होंने कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किए जाने और विकास कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री साहू को जानकारी मिली कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए स्थानीय विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को विधिवत आमंत्रित नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने मंच से ही सीएमओ को बुलाकर जवाब मांगा।
मंत्री साहू ने कहा कि उन्हें इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान और प्रोटोकॉल का पालन प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधायक, अध्यक्ष और सभी पार्षदों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाना चाहिए था।
मंच निर्माण में देरी पर भी जताई नाराजगी
कार्यक्रम के दौरान मंत्री साहू ने नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने मंच निर्माण के लिए स्वीकृत 25 लाख रुपये की राशि का उल्लेख करते हुए पूछा कि राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि स्वीकृत कार्य समय पर पूरे नहीं हो रहे हैं तो अन्य योजनाओं की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो वायरल होने से बढ़ी चर्चाएं
कार्यक्रम के बाद मंत्री साहू की नाराजगी का करीब 43 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में मंत्री के सख्त तेवर दिखाई देने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं अधिकारियों के बीच भी इस घटनाक्रम को लेकर हलचल देखी जा रही है।
