

बिलासपुर, 21 जून 2026/केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बहतराई स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम योग फॉर हेल्दी एजिंग रही। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री सुशांत शुक्ला, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, , कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, श्री दीपक सिंह, पूर्व महापौर श्री किशोर राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी संस्था की मंजू दीदी ने योगाभ्यास का संचालन किया। प्रतिभागियों ने वृक्षासन, ताड़ासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति, त्रिकोणासन भुजंगासन, वज्रासन अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी, ध्यान सहित विभिन्न योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग भारत की प्राचीन धरोहर, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं – श्री तोखन साहू
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विद्या है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी गई और आज पूरी दुनिया इसे उत्साहपूर्वक मना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देती है। यदि हम प्रतिदिन एक घंटा योग करें तो अनेक बीमारियों से बच सकते हैं तथा जीवनभर निरोग रह सकते हैं। योग मन और मस्तिष्क को शांत रखता है तथा बिना किसी खर्च के स्वस्थ रहने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

जोड़ने और संगठित करने की शक्ति देता है योग – श्री सुशांत शुक्ला
विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने कहा कि योग का अर्थ ही जोड़ना है। योग व्यक्ति को स्वयं से, परिवार को समाज से और समाज को राष्ट्र से जोड़ता है। योग के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक और संगठित समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक मंच पर स्थापित कर भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्वभर में सम्मान दिलाया है।

योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार – कलेक्टर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा है और आज विश्वभर में इसकी स्वीकार्यता निरंतर बढ़ रही है। योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त रहता है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग देने वाली मंजू दीदी तथा सभी संस्थाओं को बधाई देते हुए लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

नशा मुक्ति की दिलाई गई सामूहिक शपथ
कार्यक्रम के समापन पर नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली, योग और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, पतंजलि योगपीठ, छत्तीसगढ़ योग आयोग सहित विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों, गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। अंत में स्वस्थ, जागरूक, नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया। जिले के सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में भी योग दिवस का आयोजन किया गया।
