उत्तर मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए अमर अग्रवाल, राज्य सरकार पर जमकर बरसे

बिलासपुर। कांग्रेस शासनकाल के साढ़े चार वर्षो के दौरान न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्य नहीं हुए है। विकास के काम पर सब शुन्य है और छत्तीसगढ़ रसातल में चला गया।
आज यहॉ भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर उत्तर मंडल के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने उक्ताशय के विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मैं चुनौती देता हूॅ कि कांग्रेस का कोई भी नेता यह बता दे कि विगत साढ़े चार वर्षो के कार्यकाल के दौरान एक भी बड़े कार्यो का शिलान्यास किया है। नगर में नाला निर्माण का जो कार्य चल रहा है वह भी केन्द्र सरकार के स्मार्ट सिटी के फंड से चल रहा है।


इस कार्य में 10 प्रतिशत का ही काम होगा शेष 90 प्रतिशत भ्रष्टाचार में जायेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के फंड से पांच वर्षो में एक हजार करोड़ रूपये खर्च होना था, किंतु अभी तक 4 सौ करोड़ भी खर्च नहीं हो पाया। बिलासपुर में कांग्रेस नेता नया-नया इतिहास रच रहें है और ये नेता लोगों की निजी जमीन को भी उड़ा दे रहे हैं। किसी की भूमि और संपत्ति अब सुरक्षित नहीं है। बिलासपुर के लोगो की जानमाल और किसी की संपत्ति सुरक्षित नहीं है। लोगों ने जमीन हड़प लिये जाने पर नाम सहित सोसाइड़ नोट लिखा, किंतु उस पर कार्रवाई नहीं हुई। तालापारा में एक युवक पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई, ये हत्यारे अब सफेद पोश बन कर खुले आम घुम रहें है। पूरे शहर में भय का वातावरण है अभिभावक अब अपने बच्चों को रात में बाहर निकलने नहीं देते। शहर अब पहले जैसा सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि यही हाल पूरे प्रदेश का है लोग भयाक्रांत है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि चुनाव सन्निकट है संभवतः अक्टूबर माह के पहले सप्ताह तक आचार संहिता लागू करने की घोषणा हो जायेगी। कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी के ताकत है। आप विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी तैयारी में जुट जाये। प्रत्येक बूथ पार्टी संगठन की इकाई है जहॉ बूथ स्तर पर निरंतर बैठक की जानी चाहिए। अब मंडल को शक्ति केन्द्र में बदल दिया गया है जहॉ शक्ति केन्द्र प्रभारी, संयोजक और सह संयोजक नियुक्त होते है। यहॉ सभी स्तर पर सक्रियता आवश्यक है। बैठक में विगत चुनाव के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए आंकलन करते हुए सभी बूथों को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। कार्यकर्ता समय दान करते हुए अभी दो घंटा और चुनाव के समय तीन घंटा समर्पित करें।


पूर्व मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को आव्हान करते हुए कहा कि 15 दिनों के भीतर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री श्री अमित शाह, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा छत्तीसगढ़ के प्रवास पर पहुॅचे थे। उनका आगमन ही यह दर्शाता है कि प्रदेश में भारती जनता पार्टी की सरकार बनाना है। आज हमें भी यहॉ से यह संकल्प लेकर जाना है कि बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश में भाजपा विधायक चुनकर लाना और भाजपा की सरकार बनाना है। जिस दिन प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र आयेगा तब आप लोगों का उत्साह और चार गुना बढ़ जायेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत ने प्रारंभ में प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए मंडल के सभी कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। कार्यक्रम का संचालन सतीश गुप्ता ने एवं आभार प्रदर्शन डीके साहू ने किया। स्वागत भाषण भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रप्रकाश मिश्रा ने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!