

बिलासपुर। बहुचर्चित फर्जी सर्पदंश मुआवजा घोटाले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिम्स की पूर्व डॉक्टर डॉ. प्रियंका सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर कथित रूप से सांप के काटने से मौत की फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार कर सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, डॉ. प्रियंका सोनी का नाम बिल्हा के अलावा तोरवा और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में भी सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर अलग से पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले की जांच के दौरान सिम्स के कई अन्य डॉक्टर भी पुलिस की रडार पर आ गए हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सरकारी मुआवजा दिलाने का आरोप
जांच में सामने आया कि सर्पदंश से मौत होने पर शासन की ओर से चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है। इसी योजना का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए सामान्य या अन्य कारणों से हुई मौतों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सर्पदंश बताकर मुआवजा दिलाया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब तहसील कार्यालय के नायब नाजिर ने महमंद निवासी निसार खान और लता सूर्यवंशी की संदिग्ध मौत के मामलों में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में आरोप है कि इन दोनों मामलों में डॉ. प्रियंका सोनी द्वारा तैयार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सर्पदंश दर्शाया गया, जबकि वास्तविक कारण अलग था।
वकील, परिजन और सरकारी कर्मचारियों का सिंडिकेट होने का आरोप
पुलिस का दावा है कि इस घोटाले के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा था। तोरवा पुलिस इस मामले में मृतक निसार खान की पत्नी सफीना बानो, लता सूर्यवंशी के पति संतोष सूर्यवंशी और वकील रंजीत कुमार चतुर्वेदी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, गिरोह का कथित मास्टरमाइंड वकील श्रवण वस्त्रकार अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इससे पहले 16 जुलाई को सरकंडा पुलिस ने फर्जी सर्पदंश के पांच मामलों में वकील हीराप्रसाद खांडेकर, बैंककर्मी कुशकुमार गुप्ता, कथित वकील महेन्द्र कुमार, एसडीएम कार्यालय के रीडर गरीबराम बिंझवार और नरेंद्र कौशिक, तहसीलदार कार्यालय के रीडर हरिशंकर राठौर तथा दैनिक वेतनभोगी चालक गोविंद विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार किया था।
पांच वर्षों के रिकॉर्ड की जांच, कई डॉक्टरों से पूछताछ
घोटाले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सिविल लाइन स्थित सिम्स का वर्ष 2020 से 2025 तक का मर्ग रजिस्टर जब्त कर लिया है। रिकॉर्ड के अनुसार इन छह वर्षों में कुल 2,932 मर्ग दर्ज किए गए। इनमें विभिन्न थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सर्पदंश के मामले सामने आए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि इन मामलों में से करीब 80 प्रतिशत की विवेचना तत्कालीन सिम्स चौकी प्रभारी गुलाब सोनवानी ने की थी। उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस उनके घर पर भी तलाशी ले चुकी है, हालांकि अब तक कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है।
जांच जारी, कई बड़े नाम आ सकते हैं सामने
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। एडिशनल एसपी, सीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी स्वयं विवेचना में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि अब तक 15 से अधिक स्थानों पर दबिश दी जा चुकी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में अन्य डॉक्टरों या अधिकारियों की संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
