
बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझगांव में शुक्रवार देर रात एक नकाबपोश बदमाश ने किराना व्यवसायी के घर में घुसकर दंपती पर हमला कर दिया। आरोपी ने एयरगन की नोक पर महिला को धमकाकर करीब 50 हजार रुपये मूल्य के सोने के जेवर लूट लिए और मौके से फरार हो गया। घटना में दंपती को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मझगांव के औरापानी रोड निवासी राजकुमारी जायसवाल शुक्रवार रात करीब 10 बजे भोजन के बाद अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान उनके पति छेदीलाल जायसवाल बाथरूम जाने के लिए उठे। जैसे ही वे कमरे से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे एक अज्ञात बदमाश ने उनका मुंह और गला दबा दिया।
पति की आवाज सुनकर राजकुमारी की नींद खुल गई। वह बिस्तर से उठ ही रही थीं कि काले कपड़े से चेहरा ढके बदमाश ने कमरे में प्रवेश कर उनके चेहरे पर तकिया रख दिया। आरोपी ने एयरगन दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। भयभीत महिला ने अपने गले में पहना तीन फल वाला सोने का लॉकेट, सोने का दो गेहूं दाना तथा दो बाजारू झुमके आरोपी को सौंप दिए। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
लूट के दौरान हुई छीनाझपटी में राजकुमारी के बाएं हाथ, जांघ और पेट पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद शनिवार को महिला ने अपने बेटे विनोद कुमार और दामाद रामदयाल के साथ कोटा थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी स्थानीय क्षेत्र से परिचित हो सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
