

बिलासपुर। न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “एजुकेशन लर्निंग ब्यूटी आर्टिस्ट्स एक्सपो एवं ब्यूटी बिजनेस अवॉर्ड शो-2026” का रविवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में देशभर से आए ब्यूटी प्रोफेशनल्स, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर एवं स्किन एक्सपर्ट, नेल आर्टिस्ट, फैशन प्रोफेशनल्स और प्रशिक्षकों ने भाग लिया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि बॉलीवुड अभिनेत्री मंदाकिनी रहीं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, ब्यूटी प्रोफेशनल्स और समाजसेवियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की प्रस्तुति और सम्मान समारोह आकर्षण का केंद्र रहे।

मिस फैशन शो प्रतियोगिता में शिवरीनारायण की राजलक्ष्मी केसरवानी ने प्रथम, रायगढ़ की सोना झा ने द्वितीय तथा भाटापारा की मनीषा सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मिसेज फैशन शो प्रतियोगिता में राजनांदगांव की दीपिका साहू प्रथम, जांजगीर-चांपा की दीपिका महंत द्वितीय और बिलासपुर की कविता निर्मलकर तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं ब्राइडल मेकओवर प्रतियोगिता में कोरबा (कुसमुंडा) की राखी सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। अकलतरा के साई ब्यूटी पार्लर की दीपा लांपा द्वितीय तथा रायपुर की छवि बिरानी ग्रिटलहरे तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को ब्यूटी बिजनेस अवॉर्ड-2026 से भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया और सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई। साथ ही मुख्य अतिथि मंदाकिनी के आगामी 30 जुलाई को होने वाले जन्मदिन के उपलक्ष्य में उनका अग्रिम जन्मोत्सव भी उत्साहपूर्वक मनाया गया।
न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन की निदेशक उषा शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, निर्णायकों, सहयोगी संस्थाओं, कोऑर्डिनेटर टीम, सपोर्टिंग स्टाफ और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच उपलब्ध कराना तथा शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का समापन विजेताओं के सम्मान, पुरस्कार वितरण और सामूहिक छायाचित्र के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
