
बिलासपुर। सरकंडा स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी (बाल संप्रेषण गृह) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर चार किशोर अपचारियों के फरार होने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि घटना के बाद से सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक एक अपचारी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष तीन की तलाश में पुलिस की टीमें छत्तीसगढ़ के अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश में लगातार अभियान चला रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 12-13 जुलाई की मध्यरात्रि हुई इस घटना के बाद थाना सरकंडा में अपराध दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गईं। आरोपियों की तलाश के लिए कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश में दबिश दी गई। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन के संबंध में रायगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, मृतक नरेंद्र खांडे के परिजन एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से बाल संप्रेषण गृह के सामने धरने पर बैठे हैं। इस दौरान शनिवार रात धरने पर बैठी मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। प्रशासन के अनुसार, अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य ठीक नहीं पाए जाने पर अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। प्रारंभिक अनिच्छा के बाद तहसीलदार और सरकंडा थाना प्रभारी की समझाइश पर उन्हें देर रात सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस का कहना है कि घटना के पहले दिन से ही मृतक के परिवार को शासन के नियमानुसार उपलब्ध सहायता और मुआवजे की जानकारी देकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन लगातार परिजनों से शांतिपूर्ण ढंग से धरना समाप्त करने की अपील कर रहा है।
वहीं, पुलिस ने यह भी कहा है कि कुछ लोग मृतक के परिजनों को ऐसे आश्वासन और मांगों के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिनका विधिक आधार नहीं है। पुलिस के अनुसार, ऐसे लोगों की पहचान और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। यदि जांच में यह सामने आता है कि जमानत पर चल रहे आरोपी कानून-व्यवस्था भंग करने या लोगों को उकसाने में शामिल हैं, तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित न्यायालय में जमानत निरस्त करने का आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस हत्याकांड के बाद फरार हुए चार किशोर अपचारियों में से अभी तक केवल एक को ही गिरफ्तार किया जा सका है। शेष तीन की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
