

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे के डिवाइडर पर पौधारोपण कार्य की निगरानी कर रही एक महिला सुपरवाइजर की तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को भरवीडीह निवासी प्रदीप कोशले ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी भाई-बहू महिमा कोशले नेशनल हाईवे पर पौधारोपण कार्य में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थीं। घटना के दिन ओछिनापारा रतनपुर ओवरब्रिज के पास डिवाइडर में पौधारोपण का काम चल रहा था और महिमा कोशले उसकी निगरानी कर रही थीं।

इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे बिलासपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर (क्रमांक BR 03GC 9045) ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद महिला करीब 20 मीटर तक ट्रेलर के साथ घिसटती चली गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में ट्रेलर चालक शिवकुमार साव (32 वर्ष), निवासी गढ़वा, झारखंड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस का आरोप है कि चालक ने सड़क पर कार्य चलने की जानकारी होने के बावजूद तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक नरेश गर्ग, आरक्षक पवन ठाकुर एवं धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
