
यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो युवकों ने एक युवक पर उसके घर में घुसकर ईंट और चाकू से प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर रतनपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार 19 जुलाई 2026 को ग्राम अकलतरी निवासी विशाल कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने दोस्त इन्द्रप्रकाश उर्फ गोलू के साथ गांव के नीम चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव के अमित उर्फ अनिश सोनवानी (18) और सुधीर सोनवानी (27) वहां पहुंचे और शराब के नशे में यह कहते हुए विवाद करने लगे कि दोनों उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर विशाल और इन्द्रप्रकाश वहां से चले गए।
कुछ देर बाद दोनों आरोपियों ने फिर उनका पीछा किया। आरोप है कि उन्होंने विशाल पर लोहे के पाइप से हमला किया और इन्द्रप्रकाश को मारने के लिए दौड़ाया। जान बचाने के लिए इन्द्रप्रकाश अपने घर में घुस गया, जबकि विशाल अपने घर चला गया।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों आरोपी इन्द्रप्रकाश के घर की दीवार पर चढ़कर छत के रास्ते घर में घुसे और उस पर ईंट तथा चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इन्द्रप्रकाश उर्फ गोलू की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक संतोष पात्रे तथा आरक्षक पवन ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
