
यूनुस मेमन

रतनपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में रविवार को एक युवक की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35 वर्ष) पिता स्व. सारधा भार्गव, निवासी नीम चौक अकलतरी के रूप में हुई है। उसका शव घर की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक ईंट एवं धारदार हंसिया बरामद किया है। मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे धारदार हथियार एवं ईंट से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में गांव के ही अमित कुमार सोनवानी (19 वर्ष) पिता सुरेश सोनवानी तथा सुधीर सोनवानी (26 वर्ष) पिता दिलेश सोनवानी, दोनों निवासी अकलतरी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक उनके घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था, जिससे गुस्से में आकर उन्होंने हमला कर दिया। हालांकि, दोनों आरोपी नशे की हालत में पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि उनके होश में आने के बाद विस्तृत पूछताछ कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

