

मुंगेली, 18 जुलाई। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने शनिवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा साइबर सेल की बैठक ली। बैठक में बाहरी प्रवासी व्यक्तियों, संदिग्ध लोगों और अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र के मकान मालिकों को किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन कराने के लिए जागरूक करें तथा आवश्यकतानुसार नोटिस भी जारी करें। उन्होंने कहा कि सभी मकान मालिक छत्तीसगढ़ पुलिस के “समाधान एप” में पंजीयन कर राज्य एवं अन्य राज्यों से आने वाले किरायेदारों की जानकारी दर्ज करें, ताकि समय पर उनका सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में फेरी लगाकर घूमने वाले व्यक्तियों का आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए गए। ग्राम कोटवारों के माध्यम से ऐसे लोगों की जानकारी एकत्रित करने तथा उन्हें संबंधित थाना में मुसाफिरी दर्ज कराने के लिए कहा गया है।
एसएसपी ने जिले के सभी औद्योगिक संस्थानों, ढाबों, लॉज और होटलों में कार्यरत कर्मचारियों तथा वहां ठहरने वाले पर्यटकों और आगंतुकों की प्रतिदिन “समाधान एप” में जानकारी दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध या बाहरी व्यक्ति निवास कर रहा हो अथवा उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हों, तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें। वहीं, अवैध हथियार, नशे के कारोबार या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम 9479193044 पर तथा साइबर ठगी की शिकायत तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराने की अपील की गई है।
