
मुंगेली।
मुंगेली पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए लोरमी क्षेत्र में एक मूकबधिर दिव्यांग युवती के साथ अनाचार करने वाले आरोपी को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आंगन में अकेली पाकर किया अनाचार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे की है। लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम अमलडीही में रहने वाली पीड़िता दोनों हाथ-पैर से दिव्यांग है और बोल नहीं सकती, हालांकि वह सुन और समझ सकती है। घटना के वक्त वह अपने घर के आंगन में बैठी थी, तभी गांव का ही आरोपी दीपक पटेल वहां पहुंचा। आरोपी ने घर का लोहे का गेट अंदर से बंद कर दिया और बेबस दिव्यांग युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
विशेष शिक्षिका की मदद से दर्ज हुआ बयान
पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर लोरमी पुलिस ने अपराध क्रमांक 287/26, धारा 137(2), 64(2)(के), 115(2), और 332(सी) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
चूंकि पीड़िता मूकबधिर थी, इसलिए पुलिस ने ‘सत्य सांई हेल्प वे मूकबधिर आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षिका केन्द्र मुंगेली’ की विशेष शिक्षिका के माध्यम से द्विभाषिया (इंटरप्रेटर) कथन दर्ज कराया। इसके बाद पीड़िता का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर घटना से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए गए।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस की तत्परता के कारण आरोपी दीपक पटेल (उम्र 26 वर्ष, पिता राजाराम पटेल) को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। अपराध सिद्ध होने पर पुलिस ने 10 जुलाई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया, जिसके बाद आज (11 जुलाई) उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई में लोरमी थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, पीएसआई सीमा, पीएसआई सतेंद्र, सउनि राजकुमारी यादव, उमेंद गोयल सहित आरक्षक युगल किशोर, देवीचंद नवरंग, रेखराम नेताम, सुनील भास्कर, कवि टोप्पो और राजू साहू की मुख्य भूमिका रही।
