

मुंगेली। नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और विवेचना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मुंगेली पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों एवं विवेचकों को 68 मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) डिवाइस वितरित किए। इन उपकरणों के माध्यम से अब विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान, फोटो और वीडियो ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक मौजूद रहे। एसएसपी ने बताया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
वितरित किए गए मोबाइल डेटा टर्मिनल में सिटी कोतवाली मुंगेली और लोरमी थाना को 10-10, पथरिया, लालपुर, जरहागांव और बिल्ही थाना को 6-6, फास्टरपुर को 5, सरगांव को 7, साकेत चौकी को 2, डिंडौरी चौकी को 4, खुड़िया चौकी को 3, अजाक थाना को 2 तथा साइबर सेल को 1 डिवाइस प्रदान किया गया।

इन डिवाइसों के माध्यम से विवेचक घटनास्थल से ही जांच से संबंधित फोटो, वीडियो, डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य आवश्यक दस्तावेज तुरंत ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इससे विवेचना में होने वाली अनावश्यक देरी कम होगी और वरिष्ठ अधिकारी भी मामलों की रियल टाइम मॉनिटरिंग कर सकेंगे।
मुंगेली पुलिस का मानना है कि डिजिटल पुलिसिंग की यह पहल विवेचना प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों को अधिक त्वरित और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
