
यूनुस मेमन

रतनपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में नशे की लत ने एक परिवार को उजाड़ दिया। गुरुवार की देर रात नशे में धुत बेटे ने अपने ही 75 वर्षीय लकवाग्रस्त पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवागांव निवासी गंगाराम सूर्यवंशी (75 वर्ष) लंबे समय से लकवा (पक्षाघात) से पीड़ित थे और बिस्तर पर ही रहते थे। गुरुवार रात उनका पुत्र शिवचरण सूर्यवंशी, जो नशे का आदी बताया जा रहा है, शराब के नशे में घर पहुंचा और माता-पिता से विवाद करने लगा। हालात बिगड़ते देख गंगाराम ने अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए पड़ोस के एक घर भेज दिया।
पत्नी के घर से निकलने के बाद शिवचरण उसे मोहल्ले में काफी देर तक तलाशता रहा, लेकिन जब वह नहीं मिली तो वह गुस्से में वापस घर लौट आया। इसके बाद उसने बिस्तर पर पड़े अपने असहाय और लकवाग्रस्त पिता पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण गंगाराम सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी शिवचरण को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
