
बिलासपुर। जिले में गुरुवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। बिल्हा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ एसआई की पत्नी का शव शिवनाथ नदी से बरामद हुआ, जबकि मोपका क्षेत्र के लगरा में खेत से एक अज्ञात युवक का दो दिन पुराना शव मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शिवनाथ नदी में मिला एसआई की पत्नी का शव
बिल्हा थाना क्षेत्र के बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास गुरुवार सुबह शिवनाथ नदी में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ एसआई प्रियेश जॉन की पत्नी प्रीति जॉन (43) के रूप में हुई। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा है। हालांकि शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं होने से मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार, प्रीति जॉन 12 जुलाई से लापता थीं। 15 जुलाई को उनकी स्कूटी बिल्हा थाना क्षेत्र के अमलडीहा स्थित शिवनाथ पुल के पास लावारिस हालत में मिली थी। स्कूटी की डिक्की में उसकी चाबी भी बरामद हुई थी। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर स्कूटी एसआई प्रियेश जॉन को सौंप दी थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण दोनों पिछले करीब छह महीने से अलग रह रहे थे। प्रीति बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में रह रही थीं, जबकि प्रियेश जॉन बलौदाबाजार पुलिस लाइन में पदस्थ हैं। परिजनों के मुताबिक, प्रीति के लापता होने के बाद एसआई प्रियेश जॉन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि प्रीति का मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हुआ है। न तो वह स्कूटी में मिला और न ही शव के पास। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल मिलने से घटना की परिस्थितियों पर महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
लगरा में खेत से मिला अज्ञात युवक का शव
इधर, मोपका थाना क्षेत्र के लगरा इलाके में चावला ग्रीस के पास एक खेत में गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है।
मोपका चौकी प्रभारी ओपी कुरें ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसने दो दिन पहले इसी युवक को नशे की हालत में सड़क पर घूमते देखा था। पुलिस ने ग्रामीण का बयान दर्ज कर लिया है और मृतक की पहचान के लिए जिले और आसपास के क्षेत्रों के गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
