
बिलासपुर। पति के इलाज के लिए रायपुर एम्स गए दंपती के सूने रेलवे क्वार्टर को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश खिड़की तोड़कर घर में घुसे और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, 50 हजार रुपये नकद तथा पीतल-कांसे के बर्तन चोरी कर फरार हो गए। तारबाहर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वायरलेस कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर निवासी पुष्पा देवी कौशल 10 जुलाई को अपने पति के इलाज के लिए रायपुर एम्स गई थीं। 13 जुलाई की रात लौटने पर दंपती सिरगिट्टी स्थित अपनी बेटी के घर रुक गए। मंगलवार सुबह जब वे अपने क्वार्टर पहुंचे तो हाल की खिड़की टूटी हुई मिली और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला। उसमें रखी सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, नथनी, तीन जोड़ी टॉप्स, चार जोड़ी चांदी की बिछिया, चांदी का सिक्का, चांदी का कड़ा, जेवरों के बिल और 50 हजार रुपये नकद गायब थे। रसोई से पीतल की गुंडी और कांसे की थाली भी चोरी हो गई।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 13 जुलाई की रात उनकी बेटी घर आकर पालतू तोते को खाना खिलाने के बाद ताला लगाकर चली गई थी। इसके बाद रात से मंगलवार सुबह के बीच किसी समय चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
तारबाहर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
