
बिलासपुर। महमंद बाजार की वसूली को लेकर पंचायत के देखरेख कर्मचारी से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, महमंद वार्ड-14 स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले राजेंद्र यादव पंचायत की ओर से महमंद बाजार की देखरेख का कार्य करते हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वह बाजार में मौजूद थे। इसी दौरान लालखदान निवासी संजय पांडेय (58) वहां पहुंचा और बाजार की वसूली अपने हाथ में लेने की बात कहते हुए वसूली की रकम उसे सौंपने का दबाव बनाने लगा।
राजेंद्र यादव द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस ने महमंद क्षेत्र में घेराबंदी कर आदतन बदमाश एवं हिस्ट्रीशीटर संजय पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
