
शशि मिश्रा
बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिरीं माइंस के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार 52 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि मृतक की पहचान देवेंद्र शर्मा (52) निवासी रहंगी के रूप में हुई है। वह स्कूटी से जा रहे थे। हिरीं माइंस के पास सड़क पार करने के लिए जैसे ही उन्होंने स्कूटी मोड़ी, सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र शर्मा सड़क पर दूर जा गिरे। तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया। पुलिस फरार कार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
