
बिलासपुर। थाना तोरवा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 10 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुल 12 गिरफ्तारी वारंटों की तामील की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना था।
14 जुलाई 2026 को थाना तोरवा पुलिस की टीम ने लगातार दबिश देकर 10 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान न्यायालय से जारी कुल 12 गिरफ्तारी वारंटों का सफलतापूर्वक तामील भी किया गया।
गिरफ्तार वारंटियों में चेतन नाग, मनमोहन साहू, श्रवण रजक, रोहित प्रधान, कुश कुमार यादव, भारती सूर्यवंशी, राधे निषाद, मनराखन विश्वकर्मा, रोहित ध्रुव और सुमीत सिंह शामिल हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि न्यायालय से जारी वारंटों का समयबद्ध तामील सुनिश्चित किया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रहे।
