
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने रिवर व्यू के पास धारदार चाकू लहराकर आमजन में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
14 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रिवर व्यू के पास एक युवक धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध क्रमांक 429/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपमणी कौशिक (27 वर्ष), पिता उत्तम कौशिक, निवासी तेलीपारा, लोधी गली, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
