
बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम डोडकी में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दीवार से सटाकर मकान बनाने की बात पर तीन लोगों ने एक परिवार पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। मामले में बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम डोडकी निवासी रमेश कुमार कोसले (35) ने 13 जुलाई को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच मकान निर्माण और दीवार से दूरी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर रमेश कुमार कोसले और उनके पिता अंजोरदास कोसले के साथ गाली-गलौज की तथा डंडे से हमला कर जान से मारने की नीयत से गंभीर मारपीट की।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।
दबिश के दौरान सोहन यादव (60 वर्ष), निवासी ग्राम डोडकी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपने पुत्र के साथ मिलकर प्रार्थी और उसके पिता से मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को 14 जुलाई को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उपनिरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
