
बिलासपुर। मल्हार चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना नवोदय विद्यालय के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा चालक को हिरासत में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे सीसीआर कंपनी में संचालित हाईवा क्रमांक सीजी-22-एजी-7796 की टक्कर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-22-एक्स-5695 और सीजी-15-ईएल-4335 से हो गई। हादसे में बूढ़ीखार निवासी संतोष भैना (30), मुढ़ीपार निवासी धनंजय डहरे (26) तथा शैलू मिरी (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान शैलू मिरी की मौत हो गई, जबकि संतोष भैना और धनंजय डहरे का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि पहले दोनों मोटरसाइकिलें आपस में टकराईं, जिसके बाद पीछे से आ रहा हाईवा उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हाईवा ने सीधे दोनों बाइकों को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ।
मल्हार चौकी पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। हाईवा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
