
बिलासपुर। पत्रकार कॉलोनी से अशोक नगर तक प्रस्तावित सड़क को फोरलेन सीसी रोड के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (शहरी) ने परियोजना का संशोधित एस्टीमेट तैयार कर लगभग 14 करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया है। वर्तमान में सड़क के टू-लेन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है, लेकिन यदि संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो फोरलेन निर्माण के लिए नया टेंडर जारी किया जाएगा।
सिटी बस डिपो से बाइपास होते हुए अशोक नगर तक कुल 3.71 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए राज्य शासन पहले ही 8.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे चुका है। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर परियोजना की समीक्षा के बाद सड़क को फोरलेन सीसी रोड के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार मार्ग की पर्याप्त चौड़ाई को देखते हुए सिटी बस डिपो से पत्रकार कॉलोनी तक लगभग 2.20 किलोमीटर सड़क फोरलेन सीसी रोड बनाई जाएगी। वहीं पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र के करीब 1.30 किलोमीटर हिस्से में सिंगल लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। इसी बदलाव को शामिल करते हुए विभाग ने संशोधित एस्टीमेट शासन को भेजा है।
यह परियोजना तीसरी बार संशोधित की गई है। प्रारंभिक चरण में इसकी लागत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 8.30 करोड़ रुपये किया गया। अब फोरलेन सीसी रोड के प्रस्ताव के बाद लागत बढ़कर लगभग 14 करोड़ रुपये हो गई है। विभाग का कहना है कि सीसी सड़क बनने से सड़क की आयु अधिक होगी और रखरखाव पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
रतनपुर-सीपत के बीच बनेगा बेहतर संपर्क
सड़क बनने के बाद रतनपुर से कोनी, अशोक नगर होते हुए सीपत तक आवागमन अधिक आसान हो जाएगा। वर्तमान में मुरूम सड़क होने के कारण बरसात में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई सड़क बनने से इस मार्ग पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
15 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
इस परियोजना से अशोक नगर, फॉरेस्ट कॉलोनी, पत्रकार कॉलोनी, महावीर आवासीय परिसर, अटल आवास और ड्रीम रेसिडेंसी सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले 15 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बारिश में कीचड़ और गर्मी में धूल की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
