

बिलासपुर। ट्रेलर वाहनों से डीजल चोरी कर उसकी खरीद-बिक्री करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर चोरी का डीजल, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा चोरी में प्रयुक्त पाइप और लोहे की छड़ जब्त की है। मामले में तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को एक ट्रेलर मालिक ने थाना कोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके ट्रेलर में रायपुर से सिंगरौली (मध्यप्रदेश) जाने के लिए करीब 200 लीटर डीजल भरवाया गया था। रास्ते में चालक ने नेशनल हाईवे स्थित बाबी ढाबा, गतौरी के पास भोजन करने के लिए वाहन खड़ा किया। इसी दौरान अज्ञात चोर ट्रेलर की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर कोनी थाना में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान 12 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो स्कॉर्पियो वाहनों में सवार कुछ लोग नेशनल हाईवे स्थित गतौरी क्षेत्र में चोरी का डीजल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही कोनी पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर तीन आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी-18-जेडजी-2645 एवं सीजी-10-बीके-0938 से कुल 200 लीटर चोरी का डीजल, डीजल निकालने में प्रयुक्त पाइप तथा लोहे की छड़ बरामद कर जब्त की गई।
पूछताछ एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- शिवप्रसाद उर्फ छोटू लोनिया (32), निवासी सीलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
- भानु प्रसाद लोनिया (37), निवासी ग्राम बरपाली भदोरिया खार, थाना कोनी, जिला बिलासपुर
जब्त सामग्री
- 200 लीटर चोरी का डीजल
- दो स्कॉर्पियो वाहन
- डीजल चोरी में प्रयुक्त पाइप एवं लोहे की छड़
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक उमेश उपाध्याय, प्रधान आरक्षक रमेश पटनायक तथा आरक्षक भोपसिंह साहू, राकेश खांडेल और दुर्गेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
