
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सड़क किनारे थूकने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद पिता-पुत्र ने 15 वर्षीय छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पिता ने छात्र के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि बेटे ने धारदार चाकू से उसके सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल छात्र का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार महिमा नगर निवासी राम कुमार नायक (31) का 15 वर्षीय भांजा शिवम नायक उर्फ शिब्बू शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था। आदर्श नगर स्थित पानी टंकी के पास सड़क किनारे थूकने के दौरान वहां से गुजर रहे विभय दास के पैर पर थूक पड़ गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विभय ने छात्र से गंदगी साफ करने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। हालांकि कुछ देर बाद शिवम वहां से आगे बढ़ गया।
आरोप है कि थोड़ी देर बाद विभय दास अपने पिता विजय कुमार दास के साथ स्कूटी से वापस मौके पर पहुंचा और शिवम का रास्ता रोक लिया। इस दौरान विजय कुमार ने छात्र के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि विभय ने धारदार चाकू से उसके सीने और पेट पर कई वार कर दिए। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंत बाहर निकल आई।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने विजय कुमार दास और विभय दास के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
