
बिलासपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त किया है। मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 27.57 लाख रुपये आंकी गई है। जीआरपी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करों के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।
रेल पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन तथा डीएसपी रेल तोबियस खाखा के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जीआरपी बिलासपुर ने रेलवे स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32 पैकेटों में रखा 55.150 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पंकजनी बेहरा (40) और रीना पटनायक (60) निवासी संबलपुर (ओडिशा), आयुष कुशवाहा (18) निवासी बुरहानपुर (मध्यप्रदेश) तथा हितेश कुमार भोई (18) निवासी संबलपुर (ओडिशा) शामिल हैं।
जीआरपी ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
रेलवे के जरिए गांजा तस्करी के बड़े मामले
बिलासपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गांजा तस्करी के कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं।
- जून 2026: उसलापुर रेलवे स्टेशन से ओडिशा से लाया गया 6.25 लाख रुपये का गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार।
- मई 2026: बिलासपुर रेलवे स्टेशन से दो ऑटो में 104 किलो गांजा बरामद, जिसकी कीमत 53.80 लाख रुपये आंकी गई। इस मामले में 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी।
- जून 2024: बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से दो युवकों को 24 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया।
- मई 2024: ट्रेन में गांजा तस्करी करते हुए एक महिला गिरफ्तार हुई, जिसके पास से 19 किलो गांजा बरामद किया गया।
- जनवरी 2024: बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक के कब्जे से 10 किलो गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि रेलवे मार्ग के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी लगातार निगरानी और अभियान चला रही है।
