

बिलासपुर, 12 जुलाई। तोरवा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा-पोस्ता के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, अड्डेबाजी और नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में रविवार को अड्डेबाजी चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि महमंद बायपास रोड पर चार संदिग्ध व्यक्ति एक थैले के साथ खड़े होकर ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर चारों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद प्लास्टिक के थैले में छह पारदर्शी पॉलिथीन पैकेटों में कुल 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा-पोस्ता बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनमोहन सिंह कल्ले उर्फ मोना (45), हाल मुकाम जोगीपुर, जिला बिलासपुर (मूल निवासी लुधियाना, पंजाब), सुरजीत सिंह (45) निवासी अमृतसर (पंजाब), पुष्पराज जांगड़े (36) निवासी मुंगेली तथा सुरेन्द्र ध्रुव (25) निवासी रहंगी, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
आरोपी प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखने अथवा उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(बी), 18(सी) और 22(बी) के तहत अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
