
यूनुस मेमन

रतनपुर, । महिला संबंधी अपराध के मामले में करीब दो माह से फरार चल रहे आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके घर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर थाना रतनपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप है कि आरोपी ने देर रात महिला के घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना के बाद फरार हो गया। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों के फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गौतमचंद्र उर्फ पप्पू डोंगरे (39 वर्ष) निवासी खैरा डगनिया, थाना सीपत, अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
