
यूनुस मेमन
रतनपुर, रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए ग्राम लखराम स्थित शराब भट्ठी के पास एक चखना दुकान में छापेमारी कर अवैध रूप से शराब बेच रहे युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 3200 रुपये बताई गई है, बरामद कर जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, जुआ और मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लखराम शराब भट्ठी के पास स्थित चखना दुकान का संचालक सुखदेव मराठा (32 वर्ष) निवासी मोतीपुर, भेड़ीमुड़ा, रतनपुर अवैध रूप से शराब बेच रहा है।
सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
