

शशि मिश्रा
बिलासपुर। शहर के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (17), पिता मुकेश शर्मा, निवासी मंगला अभिषेक विहार के रूप में हुई है। वह महर्षि स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रविवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- कार में चार नाबालिग थे सवार
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दावा किया कि दुर्घटना करने वाली कार में चार युवक सवार थे और सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कार हादसे के बाद घटनास्थल पर ही खड़ी मिली।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक की पहचान, उसकी उम्र, वाहन की रफ्तार और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उसके खिलाफ कौन-कौन सी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़े सवाल
क्या नाबालिग चला रहे थे कार?
तेज रफ्तार पर क्यों नहीं लग पा रही रोक?
आखिर नाबालिगों के हाथों में वाहन कैसे पहुंच रहे हैं?
स्मार्ट रोड पर लगातार हो रहे हादसों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
यह हादसा एक बार फिर शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार के बढ़ते खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
